छत्तीसगढ़

पत्नी से अवैध संबंध के शक में खूनी खेल, पड़ोसी की टंगिया मारकर हत्या

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी से अवैध संबंध के शक में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने पड़ोसी युवक पर टंगिया से हमला कर उसकी जान ले ली और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दूरती के मरहट्टा गांव का है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पति को शक था कि उसकी पत्नी के पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होता रहा था।

शनिवार को विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब आरोपी ने पड़ोसी युवक पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में पत्नी से संबंध होने का शक और पुरानी रंजिश विवाद की वजह सामने आ रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Back to top button