छत्तीसगढ़

पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप; आरक्षक सस्पेंड..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। युवक की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और चांपा थाने का घेराव कर पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए।

जानकारी के मुताबिक, चांपा पुलिस ने बुधवार को मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, शाम को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे चांपा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी।

मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कार्रवाई करते हुए आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है। घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई और युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

कुल्लू के पांच बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन घटना को लेकर आक्रोशित हैं।

Leave a Reply

Back to top button