सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 16 वर्षीय 12वीं की छात्रा का शव गांव के एक कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी 5 सितंबर को घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल के पास स्थित एक घर में अपने पिता को खाना देने गई थी। वहां गांव का एक युवक मौजूद था। इसके बाद किशोरी के वापस घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बतौली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार सुबह गांव की एक लड़की कुएं के पास गई थी। इसी दौरान उसने पानी में शव तैरता हुआ देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान छात्रा के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। कुएं के पास उसके कपड़े भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि जिस कुएं से छात्रा का शव मिला, वह संदेही के घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर है। ग्रामीणों की ओर से छात्रा के साथ अनहोनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
सरगुजा एएसपी रितेश राज चौधरी के अनुसार, पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की दिशा स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



