छत्तीसगढ़

महिला को कार में जबरन बैठाकर ले गए, दुष्कर्म मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के सहयोग करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है। घटना में इस्तेमाल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त की रात महिला को आरोपी रमेश श्रीवास और उसके साथियों ने बहला-फुसलाकर जबरन कार में बैठाया था। महिला के विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपी ने उसका मुंह बंद कर दिया और उसे कार से रायगढ़ की ओर ले गया। रायगढ़ पहुंचने के बाद आरोपी के साथी वहां से चले गए। इसके बाद मुख्य आरोपी पर महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

मामले की जांच के दौरान पुलिस मुख्य आरोपी के साथ घटना में सहयोग करने वाले अन्य लोगों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में घटना में सहयोग करने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिंह (36), प्रमोद श्रीवास (30), इंद्र कुमार धीवर (40) और उमेश यादव उर्फ भोलू (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी और थाना स्टाफ का योगदान रहा।

Leave a Reply

Back to top button