छत्तीसगढ़

CG Crime News: निष्कासित पूर्व महामंत्री कृष्णा अवस्थी पर एक और FIR, नौकरी के नाम पर 6 लाख लेने का आरोप..

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में जेल में बंद भाजपा से निष्कासित पूर्व महामंत्री कृष्णा अवस्थी और उनके बेटे प्रणव अवस्थी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों के खिलाफ अब जिला अस्पताल में वार्ड बॉय की नौकरी दिलाने के नाम पर छह लोगों से कुल 6 लाख रुपये लेने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

छह लोगों से एक-एक लाख लेने का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत ग्राम ओड़ान के पूर्व सरपंच जीवन लाल कमल ने की है। शिकायत के मुताबिक, गांव के भाजपा कार्यकर्ता नाथूराम वर्मा के माध्यम से उनकी मुलाकात कृष्णा अवस्थी से हुई थी।

आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने जिला अस्पताल में वार्ड बॉय के छह पदों पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और प्रत्येक उम्मीदवार से एक-एक लाख रुपये लेने की बात कही।

शिकायतकर्ताओं का दावा है कि 14 सितंबर 2025 को कथित तौर पर 3 लाख रुपये और इसके बाद 14 फरवरी 2026 को बलौदाबाजार स्थित भाजपा कार्यालय में 3 लाख रुपये लिए गए। इस तरह कुल 6 लाख रुपये दिए जाने का आरोप है।

बेटे प्रणव के पास भेजे गए युवक

शिकायत के अनुसार, पैसे लेने के बाद कृष्णा अवस्थी ने नौकरी के इच्छुक युवकों को अपने बेटे प्रणव अवस्थी के पास भेजा। आरोप है कि प्रणव ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कैंटीन में युवकों से मुलाकात की और उनसे अंकसूची, फोटो, बैंक पासबुक समेत अन्य दस्तावेज लिए। कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।

उम्मीदवारों को कथित तौर पर 24 अगस्त 2026 को ज्वाइनिंग लेटर मिलने का भरोसा दिया गया था, लेकिन तय तारीख गुजरने के बाद भी नौकरी नहीं मिली।

पैसे वापस मांगने पर टालमटोल का आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने के बाद जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो दोनों पिता-पुत्र ने कथित तौर पर टालमटोल की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि नौकरी दिलाने के भरोसे को लेकर लेनदेन से जुड़े वीडियो और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपे गए हैं।

पैसे वापस करने के लिए दबाव बनाए जाने पर कृष्णा अवस्थी द्वारा शिकायतकर्ताओं को रायपुर कलेक्ट्रेट ले जाने और अधिकारियों से बातचीत के जरिए नौकरी का रास्ता साफ कराने का भरोसा देने का भी आरोप है।

पहले से जेल में बंद हैं पिता-पुत्र

कृष्णा अवस्थी पहले ही फर्जी तबादला आदेश मामले में गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। उनके बेटे प्रणव अवस्थी की भी इस मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है।

अब नौकरी के नाम पर पैसे लेने की शिकायत में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस वीडियो, दस्तावेज, लेनदेन और शिकायतकर्ताओं के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button