छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर, कोरबा में 2 नाबालिगों की मौत; अभनपुर में अधेड़ ने गंवाई जान..

कोरबा/अभनपुर। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कोरबा और अभनपुर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कोरबा में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो नाबालिगों की मौत

पहली घटना कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार की है। यहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। बाइक पर सवार दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान करण चौहान (16) पिता बृजलाल और राजा नेटी (14) पिता कैलाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों तिवरता से लिटियाखार लौट रहे थे।

मोड़ पर बेकाबू हुई बाइक

जानकारी के मुताबिक, मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों को सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर लिया। देर रात होने के कारण दोनों शवों को मर्च्युरी में रखा गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

अभनपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत

दूसरी घटना अभनपुर के मानिकचौरी रेलवे क्रॉसिंग के पास राजिम-रायपुर मुख्य मार्ग की है। यहां रात करीब 12 बजे अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान नायकबांधा अभनपुर निवासी देवाराम साहू (48) के रूप में हुई है। घटना के बाद अभनपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

दोनों घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button