बलौदाबाजार। गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे पर सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 27 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोड़ पर पिकअप अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



