छत्तीसगढ़

बिलासपुर की RPF कॉलोनी में चौकीदार की हत्या, सिर पर भारी वस्तु से किया हमला..

बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित RPF कॉलोनी में चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने चौकीदार के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक RPF कॉलोनी में रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से संबंधित सामान रखने के लिए एक गोदाम बनाया गया है। मृतक इसी गोदाम में चौकीदारी करता था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चौकीदार के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए RPF कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस मृतक की दिनचर्या, उससे मिलने-जुलने वाले लोगों और संभावित विवादों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा गोदाम में रखे सामान की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के पीछे चोरी का कोई एंगल है या नहीं।

फिलहाल हत्या की वजह और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button