छत्तीसगढ़

CM हेल्पलाइन में शिकायत के बाद पंचायत सचिव निलंबित, काम में लापरवाही का आरोप..

बलौदाबाजार। जिले में पंचायत कार्यों में लापरवाही के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत और जनपद पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर ग्राम पंचायत रसौटा के पंचायत सचिव बालाराम कुर्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार, शिकायत में आरोप था कि पंचायत सचिव ग्राम पंचायत मुख्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते थे और अधिकांश समय उनका मोबाइल भी बंद रहता था। इसके कारण हितग्राहीमूलक योजनाओं समेत पंचायत के अन्य कार्य समय-सीमा में पूरे नहीं हो पा रहे थे।

जांच के बाद हुई कार्रवाई

मामले की जानकारी जिला स्तरीय अधिकारियों को संवाद कार्यक्रम के दौरान भी दी गई थी। इसके बाद सीईओ जनपद पंचायत पलारी के प्रस्ताव के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए बालाराम कुर्रे को निलंबित कर दिया।

दूसरे सचिव को मिला अतिरिक्त प्रभार

निलंबन के बाद ग्राम पंचायत गदौद के सचिव अरुण कुमार कैवर्त्य को आगामी आदेश तक रसौटा पंचायत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। निलंबन अवधि में बालाराम कुर्रे का मुख्यालय जनपद पंचायत पलारी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता भी रहेगी।

Leave a Reply

Back to top button