बिलासपुर/तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बांधा से दर्दनाक घटना सामने आई है। जोगीपुर जंगल में शेरनी के हमले से 25 वर्षीय युवक धरम दास घृतलहरे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, धरम दास जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बांस से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शेरनी ने युवक की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद वन्यजीव ने शव को भी नुकसान पहुंचाया।
शावक के साथ आसपास मौजूद होने की जानकारी
घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता यह है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद बताई जा रही है। इसके चलते ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र का जायजा लेकर स्थिति पर नजर रख रही है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल से दूर रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही वन्यजीव की मौजूदगी और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।



