बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील में शनिवार शाम घोंघा नदी में बहने वाले तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीण लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे थे। रविवार सुबह एक-एक कर तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद किए गए।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम समडील निवासी दो परिवारों की बेटियां रिद्धी और सिद्धी नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में पढ़ती थीं। शनिवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद उन्हें घर लाने के लिए 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल साइकिल से स्कूल पहुंचा था। अनमोल दोनों बहनों को साइकिल पर बैठाकर वापस घर लौट रहा था।
तेज बहाव में नहीं संभली साइकिल
घर लौटते समय तीनों बच्चे पुल की बजाय घोंघा नदी के रास्ते से गुजर रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के कारण अनमोल साइकिल को संभाल नहीं पाया। देखते ही देखते तीनों बच्चे नदी के तेज बहाव में बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। बाद में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। रातभर तलाश के बाद रविवार सुबह रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया गया।
एक-एक कर मिले तीनों बच्चों के शव
रेस्क्यू टीम को सबसे पहले 7 वर्षीय अनमोल का शव पुल के नीचे से मिला। इसके बाद 9 वर्षीय स्तुति का शव एनीकट के पास बरामद किया गया। तलाश जारी रखने पर 8 वर्षीय शिक्षा का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।
तीनों बच्चों के शव मिलने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी रातभर नदी किनारे रहकर बच्चों की तलाश में रेस्क्यू टीम का सहयोग किया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।



