छत्तीसगढ़

रायपुर में रेलवे ट्रैक पर युवक की संदिग्ध लाश, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप..

रायपुर। राजधानी रायपुर के गोगांव अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान छोटा अशोकनगर निवासी प्रीतम साहू के रूप में हुई है। वह नड्डा बेचने का काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे पुलिस को रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ट्रेन की चपेट में आने से युवक के पैर में गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन शव पर मिले अन्य चोटों के निशान पुलिस को संदिग्ध लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया हो सकता है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस ने गोगांव और अशोकनगर इलाके के कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या, हादसा समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button