रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को कथित तौर पर नजरअंदाज किए जाने के कांग्रेस के आरोपों पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी पद को छोटा या बड़ा नहीं माना जाता। कांग्रेस हर जगह उपेक्षा देखती है, क्योंकि वह लगातार इसी मुद्दे पर राजनीति करती है।
मंत्री जायसवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष और दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी देकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया गया है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना
रायपुर जिले के नकटी गांव में हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने नेताओं और जनप्रतिनिधियों का घेराव करना चाहिए।
धान खरीदी में भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार
धान खरीदी में भ्रष्टाचार के कांग्रेस के आरोपों पर भी मंत्री जायसवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कांग्रेस अपने कार्यकाल के भ्रष्टाचार की जांच के लिए समिति बनाती। मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में धान का उठाव समय पर किया गया है।



