रायपुर। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक में बैंकिंग प्रक्रिया के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। बैंक मैनेजर ने अपने ही बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ ग्राहक के खाते से लाखों रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगाते हुए गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने ग्राहक सुषमा कुमार के बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को कथित तौर पर फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए बदल दिया। इसके बाद बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर खाते में जमा एफडी की करीब 14.40 लाख रुपये की राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई।
जांच में यह रकम इंडियन सेल्स के खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई, जिसके प्रोपराइटर योगेश येडे बताए गए हैं। आरोप है कि रकम ट्रांसफर होने के बाद चेक और एटीएम के जरिए पैसे निकाले गए।
7 जुलाई को सामने आया मामला
ग्राहक सुषमा कुमार को 7 जुलाई को अपने एफडी और खाते में जमा रकम के दूसरे खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की। बैंक स्तर पर जांच शुरू हुई तो रकम इंडियन सेल्स के खाते में ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ।
जांच आगे बढ़ने पर डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने कुलदीप सिंह और योगेश येडे के खिलाफ गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।



