छत्तीसगढ़

माता-पिता की हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की तैयारी, दूसरा बेटा पहुंचा तो भागा आरोपी..

सरगुजा। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा गांव में एक सनसनीखेज डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपने माता-पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दोनों शवों को बोरियों में भरकर ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था, तभी मृतक दंपति का दूसरा बेटा मौके पर पहुंच गया। उसे देखकर आरोपी फरार हो गया।

मृतकों की पहचान हीराधार यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शवों को बोरियों में पैक कर दिया था और उन्हें कहीं ले जाने की तैयारी में था।

इसी दौरान मृतक दंपति का दूसरा बेटा वहां पहुंच गया। उसके पहुंचते ही आरोपी मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद हत्या की वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button