बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। तालाब में डूब रहे पति को बचाने के लिए पत्नी ने पानी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना अमरपुर के बड़का जोभी गांव की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुनेश्वर नाग अचानक वन विभाग के तालाब में गिर गए और गहरे पानी में डूबने लगे। पति को मुश्किल में देख उनकी पत्नी घुघरी नाग ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके और पानी में डूब गए।
बचाने पहुंची रिश्तेदार भी पानी में उतरी
घटना के दौरान रिश्तेदार जसमती भी दंपती को बचाने के लिए तालाब में उतर गई। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया।
शव वाहन नहीं मिलने पर निजी वाहन से ले जाना पड़ा शव
मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुसमी CHC में शव वाहन उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते मृतक दंपती के परिजनों को निजी वाहन से शव अस्पताल ले जाना पड़ा।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



