छत्तीसगढ़

बलौदा बाजार में सनसनी: घर के पीछे बाड़ी में मिली 22 वर्षीय युवती की लाश..

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र के ग्राम चितावर में 22 वर्षीय युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव गुरुवार शाम उसके घर के पीछे स्थित बाड़ी में मिला।

जानकारी के अनुसार, युवती अपनी मां के साथ घर में रहती थी। शाम करीब 6 बजे घर के पीछे बाड़ी में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची लवन थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।

मामले में युवती की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button