अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में CGPSC की तैयारी कर रही 26 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान जशपुर जिले के फरसाबहार निवासी तनुजा पैकरा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तनुजा स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद 25 जुलाई को CGPSC की कोचिंग के लिए अंबिकापुर आई थी। वह गांधीनगर के गांधी चौक के पास किराए के कमरे में रह रही थी।
बुधवार सुबह परिसर में रहने वाली एक अन्य छात्रा किसी काम से तनुजा के कमरे में पहुंची, जहां उसने उसे गंभीर हालत में देखा। सूचना मिलने पर मकान मालिक और पड़ोसियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा के परिजन जशपुर से अंबिकापुर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।



