छत्तीसगढ़

जंगल में लावारिस मिला 14 चक्का ट्रक, अंदर ठूंसकर भरे थे 46 गौवंश..

रायगढ़। धरमजयगढ़ पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 14 चक्का ट्रक में क्षमता से अधिक गौवंश को बेहद अमानवीय तरीके से ले जाने की कोशिश को नाकाम कर दिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल के रास्ते एक ट्रक में गौवंश को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने बरसापाली जंगल मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही ट्रक में सवार तस्कर वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली तो उसमें 46 गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। इनमें 7 गौवंश मृत पाए गए, जबकि 39 जीवित गौवंश को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया।

सभी जीवित गौवंश को धरमजयगढ़ कांजी हाउस पहुंचाया गया, जहां उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने ट्रक चालक और फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया है।

फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार जांच और पतासाजी कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button