रायपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर तिरंगा फहराएंगे। समारोह से पहले आज फुल ड्रेस रिहर्सल के जरिए परेड और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
17 टोलियां होंगी परेड में शामिल
इस बार स्वतंत्रता दिवस परेड में कुल 17 टोलियां शामिल होंगी। BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां सलामी देंगी। बिहार पुलिस की टोली भी पहली बार परेड का हिस्सा बनेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष-महिला टुकड़ियों, जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टुकड़ियां भी कदमताल करेंगी।
घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड रहेंगे आकर्षण
समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेगा, जबकि घुड़सवार दल की प्रस्तुति भी लोगों का ध्यान खींचेगी।
IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे परेड की कमान
स्वतंत्रता दिवस परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वहीं निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल में सभी टुकड़ियां निर्धारित क्रम और अनुशासन के साथ अभ्यास कर रही हैं।
पुलिस और प्रशासन समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि 15 अगस्त का मुख्य समारोह भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।



