रायगढ़। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक भर्ती मरीज के अचानक लापता होने और कुछ घंटे बाद टॉयलेट में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह गायनिक वार्ड के पास स्थित कॉमन टॉयलेट में 50 वर्षीय मरीज नारद लहरे का शव मिला।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भिखमपुरा निवासी नारद लहरे को लीवर की गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 9 अगस्त की शाम मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे वह अपनी पत्नी के सोते समय अचानक बेड से उठकर वार्ड से बाहर निकल गया।
बताया गया कि मरीज सीढ़ियों से नीचे उतरकर गायनिक वार्ड के पास बने कॉमन टॉयलेट में पहुंचा। करीब साढ़े 5 बजे से पत्नी और वार्ड बॉय उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। करीब साढ़े 10 बजे एक मरीज के परिजन ने टॉयलेट में शव देखा और अस्पताल प्रशासन को सूचना दी।
सूचना के बाद पुलिस और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मृतक को अत्यधिक शराब सेवन की आदत थी।
वहीं, घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल परिसर में करीब 140 CCTV कैमरे और तीन पालियों में बाउंसर समेत सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद मरीज कई घंटे तक लापता रहा। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



