छत्तीसगढ़

पोस्ट ऑफिस एजेंट गिरफ्तार, 150 से ज्यादा लोगों के 1 करोड़ से अधिक रुपये में हेराफेरी..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के चांपा में पोस्ट ऑफिस के अधिकृत एजेंट पर 150 से ज्यादा खाताधारकों की रकम में हेराफेरी करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खाताधारकों से आरडी की किस्तों के नाम पर पैसे लिए, लेकिन रकम डाकघर खातों में जमा करने के बजाय ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में लगा दी।

मामला तब सामने आया जब एक खाताधारक ने अपने डाकघर खाते का बैलेंस चेक किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने वर्ष 2022 से फरवरी 2026 तक कुल 1,21,200 रुपये की राशि जमा की थी, लेकिन खाते में केवल 21 हजार रुपये ही दर्ज मिले। इसके बाद उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बताया गया कि आरोपी बेहतर रिटर्न का झांसा देकर लोगों के आरडी खाते खुलवाता था। खाताधारकों को भरोसे में रखने के लिए उनकी पासबुक में रकम जमा होने की एंट्री भी करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई खाताधारकों से इसी तरह रकम जुटाई।

पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर आरोपी ने रकम के गबन की बात स्वीकार की। जांच के दौरान पुलिस को 150 से अधिक खाताधारकों और 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम में हेराफेरी की जानकारी मिली है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त की हैं। फिलहाल अन्य खाताधारकों के लेन-देन और रकम की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर ठगी की कुल रकम और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Back to top button