बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किराए के मकान में पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और माया बंजारा के रूप में हुई है। दंपती मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले थे और अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे दोनों बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू कमरे के पास पहुंचे। दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए थे।
मकान मालिक ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रमेश एक औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में काम करता था। फिलहाल दंपती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।



