छत्तीसगढ़

बिलासपुर में सनसनी: भाजपा कार्यकर्ता के पति की गला रेतकर हत्या..

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द में सोमवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। शराब दुकान के पास विवाद के दौरान बाबला साहू की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बाबला साहू ऑटो चलाते थे। उनकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य होने के साथ भाजपा कार्यकर्ता बताई जा रही हैं। सोमवार को बाबला साहू शराब दुकान के सामने अपने ऑटो में बैठे थे। इसी दौरान दो युवकों से उनका विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बाबला साहू की मौत हो गई। कुछ समय बाद उनका शव ऑटो के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला।

सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button