छत्तीसगढ़

महिला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शराब पिलाने के बाद विवाद और फिर हत्या..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में मिली महिला की अधजली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दो युवकों ने महिला के साथ शराब पीने के बाद हुए विवाद के दौरान उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

8 अगस्त को ग्राम डुमरमुड़ा के पास महिला का जला हुआ शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतिका की पहचान ग्राम अमलडिहा निवासी महिला के रूप में हुई, जो घटना से पहले से लापता थी।

जांच के दौरान पुलिस को घटना से पहले महिला के साथ किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार को देखे जाने की जानकारी मिली। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे, जहां शराब पीने के बाद विवाद हुआ। इसी दौरान महिला की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

मामले में किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button