छत्तीसगढ़

15 अगस्त को लेकर राजधानी में सुरक्षा कड़ी, 43 चेकिंग पॉइंट पर पुलिस तैनात..

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार रात 8:30 बजे से 11:30 बजे तक रायपुर कमिश्नरेट के तीनों जोन में व्यापक नाकेबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान शहरभर में 43 चेकिंग पॉइंट बनाए गए। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और शहर में आने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन किया गया।

सेंट्रल जोन में 14 जगह जांच

सेंट्रल जोन के कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, देवेंद्रनगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में 14 चेकिंग पॉइंट बनाए गए। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारियों ने वाहनों की जांच की।

नॉर्थ जोन में 11 चेकिंग पॉइंट

नॉर्थ जोन में खमतराई, पंडरी, खमारडीह, उरला, गुड़ियारी और रामनगर क्षेत्र में 11 जगह जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और लोगों को रोककर पूछताछ की।

वेस्ट जोन में सबसे ज्यादा चेकिंग

वेस्ट जोन में सबसे ज्यादा 18 चेकिंग पॉइंट बनाए गए। आजाद चौक, राजेंद्र नगर, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, सरस्वती नगर, टिकरापारा, कबीर नगर और मुजगहन सहित कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

पुलिस ने बिना नंबर वाले वाहनों, संदिग्ध नंबर प्लेट और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों पर विशेष नजर रखी।

15 अगस्त तक बढ़ सकती है निगरानी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान राजधानी में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है। आने वाले दिनों में संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी और बढ़ाई जा सकती है।

Leave a Reply

Back to top button