छत्तीसगढ़

सूरजपुर खाद घोटाले की जांच गोदाम तक पहुंची, स्टॉक में भारी अंतर मिलने पर कार्रवाई..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के बीच सामने आए खाद घोटाले की जांच अब सहकारी समिति से निकलकर मार्कफेड के डबल लॉक खाद गोदाम तक पहुंच गई है। जयनगर सहकारी समिति में लाखों रुपये के खाद घोटाले की जांच के दौरान गोदाम के रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया है।

मामले में कार्रवाई करते हुए मार्कफेड ने विश्रामपुर-प्रतापपुर स्थित डबल लॉक खाद गोदाम के प्रभारी एवं क्षेत्र सहायक लिवेन खेस्स को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई रासायनिक उर्वरकों के भौतिक सत्यापन के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर की गई है।

बताया जा रहा है कि जयनगर सहकारी समिति में खाद से जुड़ी गड़बड़ी की जांच आगे बढ़ने के बाद जांच की आंच अब भंडारण व्यवस्था तक पहुंच गई है। रिकॉर्ड में दर्ज खाद और वास्तविक स्टॉक में अंतर मिलने से जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मार्कफेड मुख्यालय, नवा रायपुर से जारी आदेश के बाद गोदाम प्रभारी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं, जांच आगे बढ़ने के साथ खाद के भंडारण से लेकर वितरण तक की पूरी व्यवस्था की जांच किए जाने की संभावना है।

सबसे बड़ा सवाल अब यह है कि आखिर रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में इतना अंतर कैसे आया? क्या यह गड़बड़ी केवल गोदाम स्तर तक सीमित है या इसके पीछे खाद वितरण से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों की भी भूमिका है? जांच आगे बढ़ने के साथ कई और अधिकारियों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button