छत्तीसगढ़

पूर्व विधायक के नाम से साइबर ठगी की कोशिश, QR कोड भेजकर मांगे पैसे..

रायपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर उनके नाम और नंबर का इस्तेमाल कर परिचितों व समर्थकों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपए की मांग कर रहा है।

हैकर लोगों को यह भरोसा दिला रहा है कि रकम रात 8 बजे तक वापस कर दी जाएगी। इसके लिए QR कोड या UPI के जरिए भुगतान करने को कहा जा रहा है। कुछ लोगों को संदिग्ध मैसेज मिलने के बाद उन्होंने बृहस्पति सिंह से संपर्क किया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

‘एक हेल्प चाहिए’ से शुरू करता है बातचीत

बताया जा रहा है कि हैकर पहले “Hello” और “एक हेल्प चाहिए थी” जैसे सामान्य मैसेज भेजता है। जवाब मिलने के बाद वह तत्काल पैसों की जरूरत बताकर 28 हजार रुपए मांगता है।

मामले की जानकारी मिलते ही बृहस्पति सिंह ने रायपुर साइबर रेंज में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर बिना पुष्टि किए भुगतान न करें। पुलिस भी संदिग्ध मैसेज, QR कोड या UPI रिक्वेस्ट मिलने पर सावधानी बरतने की अपील कर रही है।

फिलहाल पुलिस साइबर तकनीक की मदद से अकाउंट हैक करने वाले आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Back to top button