रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले बहुचर्चित हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। पुश्तैनी मकान और जमीन के विवाद में अपने ही नाना की कुल्हाड़ी, फावड़े और डंडे से बेरहमी से हत्या करने वाले दो सगे नातियों को न्यायालय ने आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई है।
यह मामला खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम सोण्डका का है। वर्ष 2022 में हुई इस वारदात में मृतक गेंदलाल डनसेना (62) पर उनके नाती ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनसेना ने पारिवारिक विवाद के दौरान हमला कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, परिवार में लंबे समय से पुश्तैनी मकान और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 26 दिसंबर 2022 को पारिवारिक बैठक के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने अपने नाना पर जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वृद्ध कमरे में छिप गए, लेकिन आरोपियों ने गैस सिलेंडर से दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर कुल्हाड़ी, फावड़े और डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक आरोपी को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को अगले दिन गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, गैस सिलेंडर और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए।
मामले की गहन जांच और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर जिला न्यायालय रायगढ़ ने दोनों आरोपियों को हत्या, घर में घुसकर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के अपराध में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।



