छत्तीसगढ़

बृजमोहन अग्रवाल के बाद विजय बघेल भी नाराज, दो IAS अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव का मामला सामने आया है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने दो प्रमोटी आईएएस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष से की है।

सांसद विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त डीएस राजपूत पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों अधिकारी न तो फोन रिसीव करते थे और न ही जनहित से जुड़े मामलों में मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराते थे।

सांसद ने आरोप लगाया कि नगर निगमों में कई विकास कार्य बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी किए कराए गए और भुगतान भी कर दिया गया। जब इन मामलों की जानकारी मांगी गई तो अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की योजनाओं, विशेषकर स्वच्छता अभियान और 15वें वित्त आयोग से जुड़े कार्यों में भी अनियमितताएं हुई हैं।

विजय बघेल ने बताया कि उन्होंने 18 मई को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे मामले की शिकायत की थी। शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन से जवाब तलब किया है। अब सभी की नजर शासन और संबंधित अधिकारियों के जवाब पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button