सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के बोदराजपदर के जंगल में सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन ने नक्सलियों द्वारा चट्टान के नीचे छिपाकर रखी गई एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ डीआईजी राजेश पांडेय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान कमांडेंट प्रेमजीत सिंह के नेतृत्व में जवान जंगल में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि नक्सलियों ने जंगल में हथियार छिपा रखे हैं।
सूचना के आधार पर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वायड की सहायता से इलाके की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चट्टान के नीचे छिपाकर रखी गई एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
सुरक्षाबलों ने बरामद हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बस्तर संभाग में लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के हथियारों और विस्फोटक सामग्री के डंप लगातार बरामद हो रहे हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा।



