मुंगेली। जिले में हुए चर्चित सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सीएमओ (मुख्य नगर पालिका अधिकारी) अमरेश सिंह (58) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर शादी समारोह से लौट रहे परिवार की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार स्कोडा कार से टक्कर मारने का आरोप है। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 अगस्त 2026 की रात ग्राम बरेला मेन रोड पर हुई। शिक्षक नगर पंडरिया निवासी विश्वनाथ बसोर की शिकायत के मुताबिक उनकी भाभी किरण बसोर और उनके साथी शादी समारोह में ऑर्डर का काम पूरा कर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने बाइक किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (CG 15 DN 3866), जिस पर “CMO (UAD) CG Government” लिखा था, तेज रफ्तार और कथित रूप से गलत दिशा से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज किया।



