बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में कारोबारी राजकुमार सराफ के ठिकाने पर आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की संयुक्त कार्रवाई करीब 24 घंटे बाद खत्म हो गई। लंबे समय तक चली इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से पूरे जिले में हलचल मच गई।
जानकारी के मुताबिक, जांच टीम ने कारोबारी के ठिकाने पर दस्तावेजों की गहन जांच की और डिजिटल रिकॉर्ड को भी खंगाला। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डेटा अपने साथ लेकर रवाना हुई है।
कोयला और शराब कारोबार से जुड़े लेन-देन की भी जांच की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, जांच का दायरा केवल आयकर से जुड़े मामलों तक सीमित नहीं हो सकता। संभावित मनी लॉन्ड्रिंग, कोयला कारोबार और शराब कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी ED या आयकर विभाग की ओर से नहीं की गई है।
अब जब्त रिकॉर्ड की जांच से खुलेगा राज
करीब 24 घंटे तक चली कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां जब्त दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच करेंगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला सिर्फ टैक्स से जुड़ी अनियमितताओं तक सीमित है या फिर किसी बड़े आर्थिक अपराध से इसके तार जुड़े हैं।
फिलहाल बलौदाबाजार में हुई इस संयुक्त कार्रवाई को लेकर लोगों की नजर जांच एजेंसियों के आधिकारिक बयान और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।



