छत्तीसगढ़

भाजपा घेराव में बवाल: कांग्रेस के 12 नेताओं समेत कई पर FIR, पुलिस पर पत्थर-बोतल फेंकने का आरोप..

रायपुर। भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए बवाल को लेकर पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बल प्रयोग और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग की ओर बढ़े। आरोप है कि रोकने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से धक्का-मुक्की की और बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान कांच की बोतल, पत्थर, लकड़ी और जूते पुलिसकर्मियों की ओर फेंके गए। इस घटना में एक PSI के सिर और एक महिला आरक्षक के हाथ में चोट आने की बात कही गई है।

एफआईआर में 12 कांग्रेस नेताओं समेत अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब घटना के वीडियो फुटेज, तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। विवेचना के दौरान अन्य लोगों के नाम भी जोड़े जा सकते हैं।

Leave a Reply

Back to top button