छत्तीसगढ़

परिवार शादी में गया, पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़ उड़ाए लाखों के गहने..

रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोजिया में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर का पूरा परिवार रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बोजिया निवासी एवं प्राथमिक शाला पुसल्दा में पदस्थ प्रधान पाठक बाबूलाल धिरहे 18 जुलाई को परिवार सहित अपने साढ़ू के घर टेमर (सक्ती) गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

20 जुलाई की सुबह जब परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर सोने का हार, कान की बाली, लॉकेट, नथली, फुली, खिनवा तथा चांदी की तीन जोड़ी पायल गायब मिली। पीड़ित ने चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही बाबूलाल धिरहे ने छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Back to top button