छत्तीसगढ़

दुर्ग में सनसनी: लापता 55 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव मिलने से हड़कंप..

दुर्ग। जिले में एक 55 वर्षीय लापता महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव पुलगांव नाला किनारे झाड़ियों में बरामद हुआ है। महिला के सिर पर पत्थर से वार के गहरे निशान मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं, शव के निचले हिस्से में कपड़े नहीं होने के कारण दुष्कर्म की आशंका से भी जांच की जा रही है।

मृतका की गुमशुदगी एक दिन पहले दर्ज कराई गई थी। इसके कुछ ही घंटों बाद स्थानीय लोगों ने पुलगांव नाला के पास झाड़ियों में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया गया।

शव रिलायंस पेट्रोल पंप के पास शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे जंगलनुमा झाड़ियों में मिला। पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान ओम नगर, उरला निवासी भगवंतीन बाई साहू (55) के रूप में हुई है। उनके पति हिरऊ राम साहू का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बेटी रोशनी देशमुख और दामाद कृष्ण देशमुख के साथ रहती थीं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। मामले में पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button