छत्तीसगढ़

दुर्ग में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 4 की मौके पर मौत..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से तेज रफ्तार स्कूटी टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार दो महिलाओं और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा रॉयल खालसा ढाबा के सामने हुआ। तेज गति से आ रही स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button