छत्तीसगढ़

अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से फिर 13 नाबालिग फरार, सुरक्षा पर उठे सवाल..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। मंगलवार शाम 13 अपचारी बालक पुराने दरवाजे की लोहे की रॉड तोड़कर और पीछे की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जिससे संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में अलग-अलग मामलों में निरुद्ध 13 अपचारी बालकों ने पहले से योजना बनाकर सामूहिक रूप से फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 जून को भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार हुए थे, जिनमें से दो अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। वहीं हाल ही में बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या और चार अपचारियों के फरार होने की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद बाल संप्रेक्षण गृहों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Back to top button