रायपुर। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ फेसबुक पर कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई को ‘ललित टांडी ललित’ नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



