दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के आदेश और पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के तहत जिले में पदस्थ 7 निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों को उनके नए पदस्थापना स्थल के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अम्बर सिंह भारद्वाज को कांकेर, रामेन्द्र कुमार सिंह को कोंडागांव, मनीष शर्मा को दंतेवाड़ा, राजेश कुमार साहू को सुकमा, श्रद्धा पाठक और वंदिता पानिकर को कोंडागांव तथा आनंद शुक्ला को बीजापुर स्थानांतरित किया गया है।
निरीक्षकों के तबादले के बाद जिले के कई थानों में नए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। उप निरीक्षक पारस सिंह ठाकुर को थाना सुपेला, उप निरीक्षक सौमित्री भोई को थाना जामुल, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार साहू को थाना अण्डा तथा सहायक उप निरीक्षक तान सिंह को थाना बोरी का प्रभारी बनाया गया है। ये अधिकारी अगले आदेश तक संबंधित थानों का कार्यभार संभालेंगे।
इसके अलावा निरीक्षक मोहन भारद्वाज को रक्षित केंद्र से थाना प्रभारी उतई और निरीक्षक लक्ष्मण केंवट को रक्षित केंद्र से थाना प्रभारी खुर्सीपार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने तथा कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।




