छत्तीसगढ़

सरगुजा में दर्दनाक सड़क हादसे: दो दुर्घटनाओं में 4 लोगों की मौत..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शुक्रवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना मैनपाट क्षेत्र में हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना नेशनल हाईवे-43 पर हुई, जहां अज्ञात ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मैनपाट में भीषण बाइक हादसा, तीन युवकों की मौत

कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के नर्मदापुर-बिजलहवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि अर्जुन लोहार (23) और गुड्डू राम (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विफल कुमार माझी (21) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, विफल कुमार माझी और गुड्डू राम मैनपाट घूमकर लौट रहे थे, जबकि अर्जुन लोहार अपनी ससुराल जा रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

NH-43 पर ट्रक की टक्कर से महिला की मौत

दूसरी घटना नेशनल हाईवे-43 पर सेदम बाजार के पास हुई। देवरी निवासी रीता एक्का (48) अपने पति सुखन एक्का के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रीता एक्का की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की जा रही है।

सड़क हादसों पर बढ़ी चिंता

सरगुजा जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह मानी जा रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button