बस्तर। बस्तर पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। यह पहली बार है जब बस्तर संभाग के किसी थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिला है।
गृह मंत्रालय द्वारा पुलिस थानों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, नागरिक-अनुकूल कार्यप्रणाली, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार और समग्र प्रदर्शन जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है। इन सभी कसौटियों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोधघाट थाना ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि का श्रेय तत्कालीन आईजी पी. सुंदरराज, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे सहित थाना स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम को दिया जा रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था, जनविश्वास और आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में किए गए प्रयासों ने बोधघाट थाना को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।
सम्मान समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ और वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान को प्रदान किया गया। इस अवसर पर बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बस्तर पुलिस ने इस सम्मान को पूरे पुलिस बल के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और जनसेवा का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में भी नागरिक-केंद्रित और जवाबदेह पुलिसिंग को और मजबूत करने की प्रेरणा देगी।



