छत्तीसगढ़

बड़ी खबर: तीन साल बाद EOW के सामने पेश हुए कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल, कई मामलों में जांच जारी..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटालों में आरोपी कांग्रेस नेता एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल बुधवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि वे पिछले करीब तीन वर्षों से जांच एजेंसियों की कार्रवाई के दायरे में थे।

इस घटनाक्रम से एक दिन पहले EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी लंबी पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल का जांच एजेंसी के समक्ष पहुंचना मामले में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल का नाम कथित कस्टम मिलिंग, कोल लेवी और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में सामने आया है। इन सभी मामलों की जांच EOW और प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा अलग-अलग पहलुओं से की जा रही है।

EOW के अनुसार, कथित कस्टम मिलिंग घोटाले में वर्ष 2015 से 2023 के बीच धान मिलिंग प्रोत्साहन राशि के भुगतान में अनियमितताओं के जरिए लगभग 127 करोड़ रुपये के वित्तीय नुकसान के आरोपों की जांच की जा रही है।

वहीं, कथित कोल लेवी घोटाले में वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन से प्रति टन अवैध वसूली के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूले जाने के आरोपों की जांच जारी है।

इसके अलावा, कथित शराब घोटाले में वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं और अवैध कमाई के आरोपों की जांच चल रही है। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस मामले में लगभग 3,200 करोड़ रुपये के वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच की जा रही है।

नोट: इन सभी मामलों में जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि संबंधित न्यायालयों के निर्णय के बाद ही मानी जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button