छत्तीसगढ़

जनता और विधायक के बीच सीधा संवाद, धरसींवा में सेवा सदन का शुभारंभ..

धरसींवा | संवाददाता धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सेवा सदन’ (विधायक कार्यालय) का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यालय का उद्घाटन छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सेवा सदन की शुरुआत का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकने से राहत दिलाना है। अब नागरिक सीधे कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायतें, सुझाव और जनहित से जुड़े मुद्दे दर्ज करा सकेंगे, जिनके शीघ्र निराकरण का प्रयास किया जाएगा। यह कार्यालय जनता और प्रशासन के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करेगा।

कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। साथ ही क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, प्रबुद्धजनों और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि सेवा सदन केवल एक कार्यालय नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता की उम्मीदों और विश्वास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही जनसुनवाई और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया। वक्ताओं ने “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषय पर सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि सौरभ सिंह ने कहा कि सेवा सदन धरसींवा की जनता के विश्वास का केंद्र बनेगा और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद, विभिन्न बोर्ड एवं निगमों के पदाधिकारी, जिला पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button