छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री निवास की बैठक पर सियासी चर्चाओं के बीच आया सीएम का बड़ा बयान, यह आपात बैठक नहीं थी..

रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली हाई लेवल बैठक को लेकर उठ रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “12 साल विश्वास के, विकास के और 12 साल बेमिसाल” अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा के लिए मंत्रियों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई।

जशपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने बताया कि वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम ग्राम बगिया में करेंगे।

राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर निशाना साधते हुए सीएम साय ने कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी जाते हैं, वहां कांग्रेस की स्थिति और कमजोर होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के कारण जनता का विश्वास खो चुकी है और पार्टी के भीतर आपसी मतभेद साफ दिखाई दे रहे हैं।

वहीं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यूसीसी लागू करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इसके लिए समिति का गठन किया जा चुका है, हालांकि आगामी मानसून सत्र में इसे लाना संभव नहीं होगा।

Leave a Reply

Back to top button