रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के व्यस्त एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना में दुकान के अंदर रखा ऑटोमोबाइल सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की संभावना है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



