सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित पति-पत्नी हत्याकांड और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों के साथ लूट के जेवर खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी वर्ष 2024 के चर्चित मुक्ता गांव डबल मर्डर केस में भी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, 2-3 जून की रात सेंदुरस गांव में घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहारिन बाई खुंटे की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर आरोपी फरार हो गए थे।
मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल और सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस आरोपी देवकुमार यादव तक पहुंची। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े, नकदी, सोने के आभूषण और बाइक बरामद की है। लूटे गए जेवर खरीदने के आरोप में जैजैपुर के एक सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए एक अन्य दंपती हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले का खुलासा होने पर बिलासपुर रेंज के आईजी ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



