छत्तीसगढ़

युवक की मौत पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने एंबुलेंस चालक और SI से की हाथापाई..

धमतरी। जिले के उमर्दा गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए 112 वाहन और निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान एंबुलेंस चालक और एक सब-इंस्पेक्टर (SI) घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, भैंसमुड़ा निवासी लीलाराम साहू अपने साथी के साथ देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव उठाने का विरोध करने लगे। मौके पर पहुंची 112 पुलिस वाहन और निजी एंबुलेंस को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई भी की।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा। बीच-बचाव के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर और एंबुलेंस चालक घायल हो गए। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एंबुलेंस चालक की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि पेट्रोलिंग वाहनों की कमी के कारण मौके पर पहुंचने में कुछ विलंब हुआ।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Back to top button