फरसगांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव अनुविभाग अंतर्गत उरंदाबेड़ा स्थित CAF कैंप में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ड्यूटी पर तैनात CAF जवान जोगेंद्र नेताम ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया और पूरे सुरक्षा महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, जवान ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस रायफल के साथ तैनात था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी जवान मौके पर पहुंचे तो जोगेंद्र नेताम गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोंडागांव पुलिस अधीक्षक ने मर्च्युरी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। साथ ही थाना प्रभारी को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला निजी तनाव के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



