छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार का कहर, बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत..

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लोहारा थाना क्षेत्र के बानो बैरियल के पास तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग भी दहल उठे।

मिली जानकारी के अनुसार, जमुनिया निवासी अर्जुन बैगा अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और भारी वाहन उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button